संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश के श्यामपुर नटराज बाईपास पर चारधाम यात्रा के दौरान एक चंडीगढ़ नंबर के टेंपो ट्रैवलर को रोकने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय यूनियन से जुड़े लोगों और वाहन में सवार श्रद्धालुओं के बीच काफी देर तक बहस होती रही।
यूनियन सदस्यों का कहना है कि वाहन के पास चारधाम यात्रा के लिए जरूरी ग्रीन कार्ड मौजूद नहीं था। उनका आरोप है कि नियमों की अनदेखी कर बाहरी वाहनों को यात्रा मार्ग पर भेजा जा रहा है, जिससे स्थानीय वाहन चालकों को नुकसान हो रहा है।
वहीं श्रद्धालुओं ने यूनियन पर अभद्र व्यवहार और डराने-धमकाने का आरोप लगाया। यात्रियों ने कहा कि यदि किसी वाहन के दस्तावेजों में कमी है तो उसकी जांच संबंधित विभागों को करनी चाहिए, न कि यूनियन के लोगों को सड़क पर कानून हाथ में लेना चाहिए।
वाहन चालक ने बताया कि ग्रीन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया चल रही थी और जल्द ही दस्तावेज पूरे हो जाने थे। इसके बावजूद उन्हें जबरन रोका गया और आगे बढ़ने नहीं दिया गया।
घटना के बाद यात्रियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इस प्रकार की घटनाओं से उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच गलत संदेश जा रहा है।
