रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
पार्क की दुर्दशा ने खोली प्रशासन की पोल
काशीपुर-जसपुर मार्ग पर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क, जो कभी लोगों के टहलने और व्यायाम का प्रमुख स्थान हुआ करता था, आज बदहाल स्थिति में नजर आ रहा है। पार्क में फैली गंदगी और शराब की बोतलें स्थानीय प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर रही हैं।
बेंचों पर शराब की बोतलें, परिसर में गंदगी
पार्क में लगे बेंच, जहां लोग बैठकर आराम करते थे, अब खाली शराब की बोतलों, गिलास और कूड़े से भरे पड़े हैं। चारों ओर शराब, बीयर और कच्ची शराब के पाउच बिखरे हुए मिले, जिससे साफ है कि यह जगह अब असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुकी है।
जनता गायब, शरारती तत्वों का कब्जा
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले सुबह-शाम बड़ी संख्या में महिला-पुरुष यहां टहलने आते थे, लेकिन हाल ही में गुलदार की दहशत के बाद लोगों की आवाजाही कम हो गई। इसका फायदा उठाकर शरारती युवकों ने पार्क को नशे की जगह बना लिया।
भाजपा नेता ने मौके पर पहुंचकर जताई नाराजगी
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राजकुमार सिंह चौहान जब अपने साथियों के साथ पार्क पहुंचे, तो वहां की स्थिति देखकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने नगर पालिका की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही से जनता की सुरक्षा और सुविधा दोनों प्रभावित हो रही हैं।
प्रशासन की सफाई और कार्रवाई का दावा
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी उदयवीर सिंह ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्क की स्थिति को लेकर संज्ञान लिया गया है और जल्द ही सफाई व सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।
जसपुर का यह पार्क, जो कभी स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र था, अब उपेक्षा का शिकार हो गया है। यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
