संवाददाता: सचिन कुमार
सोमेश्वर स्थित हुकुम सिंह बोरा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव 2025-26 समारोह में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में रेखा आर्या ने कहा कि छात्राओं की बढ़ती उपलब्धियां समाज में महिलाओं की मजबूत होती भूमिका को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन कर रही हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि युवाओं में नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का विकास करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
रेखा आर्या ने यह भी कहा कि महाविद्यालय के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और आने वाले समय में संस्थान को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
