रिपोर्ट: ललित जोशी
वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ रही पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है। शनिवार सुबह से ही शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील मार्गों पर पुलिस अधिकारी और जवान मुस्तैदी से डटे नजर आए।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में यातायात और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने का जिम्मा संभाला। निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पांडे, निरीक्षक यातायात भवाली महेश चंद्रा, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा, हेमचंद्र पंत और विमल मिश्रा समेत कई अधिकारी लगातार व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक प्लान का पालन करें और सड़क पर वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नैनीताल पुलिस का उद्देश्य वीकेंड के दौरान शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखना और सभी लोगों की यात्रा को सुरक्षित एवं आसान बनाना है।
