संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की के प्रसिद्ध नेहरू स्टेडियम के पुनर्निर्माण और आधुनिकीकरण कार्य का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। लंबे समय से स्टेडियम की खराब स्थिति को लेकर खिलाड़ी और स्थानीय लोग इसकी मरम्मत की मांग कर रहे थे। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्वीकृति के बाद 2 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से स्टेडियम को नया स्वरूप दिया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि नेहरू स्टेडियम को आधुनिक स्पोर्ट्स हब के रूप में तैयार किया जाएगा। यहां खिलाड़ियों के लिए बेहतर अभ्यास सुविधाएं, आधुनिक चेंजिंग रूम, दर्शक दीर्घा और अन्य जरूरी खेल संसाधन विकसित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्टेडियम के पुनर्निर्माण से रुड़की के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।
स्टेडियम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने सरकार के इस फैसले को खिलाड़ियों के हित में बड़ा कदम बताया।
मेयर अनीता अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम का नया स्वरूप शहर की पहचान को और मजबूत करेगा।
