संवाददाता: सागर रस्तोगी
ऋषिकेश के सदानंद मार्ग स्थित वार्ड नंबर 10 में बिजली के खंभे में लगी आग ने प्रशासनिक लापरवाही को उजागर कर दिया है। बिजली के पोलों पर अवैध रूप से लटके इंटरनेट और केबल कंपनियों के तार अब शहरवासियों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिजली के पोल पर लगे तारों के भारी दबाव और शॉर्ट-सर्किट के चलते आग भड़क गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय पार्षद आशू डंग ने कहा कि निजी कंपनियों को बिना किसी निगरानी के तार बिछाने की खुली छूट दी गई है। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाया कि चेतावनी देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि मामले की जांच की जाएगी और दोषी कंपनियों पर कार्रवाई होगी।
