देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा डॉ. भावना डोभाल को देहरादून महानगर जिला (महिला मोर्चा) का प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को संगठन में एक दूरदर्शी, प्रभावशाली और रणनीतिक निर्णय के रूप में देखा जा रहा है।
डॉ. भावना डोभाल लंबे समय से संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती आ रही हैं। उनका राजनीतिक और सामाजिक जीवन संघर्ष, समर्पण और नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण माना जाता है। छात्र राजनीति से लेकर पार्टी संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों तक उन्होंने अपनी कार्यकुशलता और नेतृत्व का प्रभावी परिचय दिया है।
डॉ. भावना डोभाल का राजनीतिक सफर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से शुरू हुआ। वे राजकीय महाविद्यालय डोईवाला की प्रथम छात्रसंघ अध्यक्ष रहीं। छात्र राजनीति में उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता ने उन्हें संगठन में विशेष पहचान दिलाई। एबीवीपी में पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने प्रदेश छात्रा प्रमुख, प्रदेश मंत्री और राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जैसे अहम पदों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा में प्रदेश मंत्री के रूप में कार्य करते हुए युवाओं और मातृशक्ति को संगठन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन के कारण वे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एक मजबूत और प्रेरणादायक नेतृत्व के रूप में जानी जाती हैं।
डॉ. भावना डोभाल का व्यापक संगठनात्मक अनुभव और मजबूत जनसंपर्क क्षमता निश्चित रूप से देहरादून महानगर महिला मोर्चा को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई मजबूती प्रदान करेगी। पार्टी नेतृत्व को पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा संगठनात्मक दृष्टि से और अधिक सशक्त होकर कार्य करेगा तथा महिलाओं की भागीदारी को नए स्तर तक पहुंचाने में सफल होगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा द्वारा डॉ. भावना डोभाल को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और महिला सशक्तिकरण अभियान को गति देने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।
