रुड़की के लक्सर क्षेत्र में सोनाली नदी पुल पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार वेन्यू कार अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी, जिसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार रुड़की की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन सोनाली नदी पुल पर पहुंचा, चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पुल पर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और तुरंत राहत कार्य में जुट गए।
सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। बाद में ट्रैक्टर की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को नदी से बाहर निकाला गया।
हादसे में घायल लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है:
लक्सर एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
