रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र में आयुष्मान सेंटर को लेकर विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। आयुष्मान सेंटर संचालक द्वारा लक्सर विधायक और नगर पंचायत अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों के बाद नगर पंचायत सभासदों ने मोर्चा खोल दिया है।
सभासदों ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि आयुष्मान सेंटर संचालक मुराद अली पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत वर्तमान में बारात घर से संचालित हो रही है और पुराने स्वास्थ्य केंद्र भवन में कार्यालय शिफ्ट करने की योजना है।
सभासदों ने दावा किया कि क्षेत्र में पहले से ही करीब 25 CSC सेंटर सक्रिय हैं और लोगों को आयुष्मान कार्ड बनाने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने प्रक्रिया को इतना आसान बना दिया है कि लोग अपने मोबाइल फोन से भी कार्ड बना सकते हैं।
