रिपोर्टर: भगवान सिंह
पौड़ी जिले के सतपुली क्षेत्र के रैतपुर गांव में युवक पंकज कुमार की आत्महत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। 20 वर्षीय युवक की मौत के बाद अब क्षेत्र में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
कांग्रेस नेता एवं पूर्व दर्जाधारी राज्य मंत्री अरुणा कुमार ने रैतपुर गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए पूरे मामले की जानकारी ली और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
अरुणा कुमार ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किन हालातों में युवक ने इतना बड़ा कदम उठाया। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
