रिपोर्टर: आसिफ इक़बाल
रामनगर के मोहान क्षेत्र में निर्माणाधीन एक रिजॉर्ट पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को रुकवा दिया। प्रारंभिक जांच में सिंचाई विभाग की भूमि पर अतिक्रमण और बिना अनुमति निर्माण किए जाने की आशंका सामने आई है।
उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में कृषि, वन, सिंचाई और श्रम विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। शिकायत मिलने के बाद गठित संयुक्त टीम ने पाया कि जिस स्थान पर रिजॉर्ट का निर्माण किया जा रहा है, वहां पहले सिंचाई विभाग की गूल संचालित होती थी।
आरोप है कि गूल को बिना विभागीय अनुमति के डायवर्ट किया गया और इसके लिए आवश्यक एनओसी भी नहीं ली गई। गोपाल सिंह चौहान ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने फिलहाल निर्माण कार्य बंद करा दिया है। वहीं भवन की ऊंचाई और निर्माण मानकों को लेकर भी अलग से जांच जारी है।
