रिपोर्ट: ललित जोशी
सरोवर नगरी नैनीताल और आसपास के पर्यटन स्थलों पर इन दिनों पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं, जिससे नैनीताल पूरी तरह गुलजार नजर आ रहा है।
नैनी झील में नौकाविहार के लिए पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा। झील किनारे पर्यटक अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से स्थानीय व्यापारियों, होटल कारोबारियों और छोटे दुकानदारों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है।
नैनीताल के प्रमुख पर्यटन स्थलों हिमालय दर्शन, स्नोव्यू, देव मंदिर, हनुमानगढ़ी, मां नैना देवी मंदिर, घोड़ाखाल मंदिर, कैंची धाम, सातताल, भीमताल, नौकुचियाताल, चिड़ियाघर और केव गार्डन में भी पर्यटकों की लगातार भीड़ बनी हुई है।
शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कई प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है ताकि जाम की समस्या से निपटा जा सके।
वहीं दूसरी ओर, इस बार पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण नैनी झील का जलस्तर लगातार घट रहा है। जल स्रोतों में भी पानी कम होने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ती है तो नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में पानी की किल्लत गहरा सकती है।
सूत्रों के अनुसार इन दिनों नैनीताल का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सुबह और शाम के समय भी हल्की गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि देर रात उमस लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि फिलहाल मौसम विभाग की ओर से मौसम बिगड़ने की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
इधर कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 15 जून को बाबा नीम करौली महाराज के स्थापना दिवस को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशासन को इस बार लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
