रिपोर्ट: अरशद हुसैन
हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामूली विवाद में होटल संचालकों और उनके साथियों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 17 मई को भगवानपुर थाना क्षेत्र के बहबलपुर से लव्वा गांव जाने वाले रास्ते पर नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान के लिए गृह मंत्रालय के NETGRID पोर्टल का सहारा लिया गया। पोर्टल पर शव की फोटो अपलोड करने के बाद मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीमों को उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश भेजा गया। जांच के बाद मृतक की पहचान सहारनपुर निवासी 23 वर्षीय कलीम के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के करीब 120 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में एक काली क्रेटा कार संदिग्ध मिली, जिसके आधार पर पुलिस होटल धरोहर तक पहुंची।
पुलिस जांच में सामने आया कि कलीम और उसका भाई कामिल काम की तलाश में भगवानपुर आए थे। दोनों रात में खाना खाने के लिए होटल धरोहर पहुंचे थे, जहां किसी बात को लेकर होटल संचालकों से विवाद हो गया। आरोप है कि होटल में मौजूद युवकों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। कामिल किसी तरह मौके से भाग निकला, लेकिन कलीम को आरोपियों ने बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी शव को क्रेटा कार की डिग्गी में रखकर लव्वा गांव के नदी किनारे फेंक आए। पुलिस ने मामले में सौरभ चौहान, अंकित कुमार, हर्ष, अनमोल सैनी और विशाल सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल डंडे, मृतक का मोबाइल फोन और क्रेटा कार भी बरामद कर ली गई है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
