रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
उधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश देखने को मिला। हलदुआ साहू चौराहे पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बाबरखेड़ा, श्यामनगर और हलदुआ साहू लिंक मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरने में भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता और प्रधान संघ अध्यक्ष दिलशाद शाह भी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समर्थन देते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से खराब सड़क की समस्या झेल रही है लेकिन विभाग इस ओर गंभीर नहीं दिखाई दे रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बरसात के समय सड़क पर जलभराव और गड्ढों के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बच्चों और बुजुर्गों का निकलना भी मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
