उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगातार बढ़ रहे तापमान ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में भीषण गर्मी और हीट वेव की संभावना जताई है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पेयजल, स्वास्थ्य और बिजली सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने को कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, जौलीग्रांट और डोईवाला क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हो सकते हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते हीट स्ट्रोक के मामलों में बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है।
प्रशासन ने नागरिकों को दोपहर के समय घर के अंदर रहने, हल्के कपड़े पहनने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र लगातार सक्रिय रहेगा।
