रिपोर्ट – सुभाष चंद
ऊधम सिंह नगर के खटीमा से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक मामूली पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया और एक युवक की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला बिजली का मीटर लगाने को लेकर शुरू हुए पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। चाचा और भतीजे के परिवार के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे।
इस हिंसक संघर्ष में विवेक कुमार नाम के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वहीं, बीच-बचाव करने आई उसकी मां पर भी जानलेवा हमला किया गया।
घायल महिला की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही हैं।
घटना के बाद परिजनों और वेंडर जोन एसोसिएशन में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। न्याय की मांग को लेकर वेंडर जोन एसोसिएशन के अध्यक्ष आरिफ अंसारी के नेतृत्व में दर्जनों लोग तहसील पहुंचे।
आरिफ अंसारी ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए पीड़ित परिवार के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता की मांग की।
उन्होंने कहा कि एक मामूली विवाद में युवक की जान चली गई और परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है, ऐसे में सरकार को तत्काल मदद और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
तहसीलदार वीरेंद्र सजवान ने बताया कि उन्हें परिजनों और एसोसिएशन की ओर से ज्ञापन प्राप्त हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए संस्तुति के साथ आगे भेजा जाएगा।
