: पर्यटन नगरी मसूरी में पर्यटक सीजन शुरू होते ही हर साल की तरह जाम की समस्या भी बढ़ने लगती है। इसी को देखते हुए शासन-प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए आज से शटल सेवा शुरू कर दी है। यह सेवा किंक्रेग स्थित कार पार्किंग से संचालित की जा रही है, जिससे शहर के भीतर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में शटल सेवा का शुभारंभ किया गया। पहले चरण में टेंपो ट्रेवल्स और बड़ी बसों को किंक्रेग पार्किंग में ही रोका जाएगा। यहां से पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से लाइब्रेरी चौक और पिक्चर पैलेस तक पहुंचाया जाएगा, जिसके बाद वाहन वापस पार्किंग स्थल पर लौट जाएंगे।
उप जिलाधिकारी राहुल आनंद ने बताया कि पर्यटन सीजन के दौरान बड़े वाहनों के कारण मसूरी में अक्सर जाम लग जाता है। ऐसे में इस व्यवस्था के तहत बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश से पहले ही पार्किंग में रोका जाएगा और शटल सेवा के जरिए पर्यटकों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शुरुआत में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं, लेकिन जल्द ही व्यवस्था पूरी तरह से सुचारू हो जाएगी।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि पिछले सप्ताह जिलाधिकारी की बैठक में शटल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया था, जिसके तहत आज इसका क्रियान्वयन किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि टैक्सी यूनियन से समन्वय बनाकर पर्यटकों को किफायती दरों पर सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।
वहीं प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने कहा कि बड़े वाहनों की वजह से शहर में जाम की समस्या गंभीर हो जाती थी, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
प्रशासन को उम्मीद है कि शटल सेवा लागू होने से मसूरी में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी जाम से राहत मिलेगी।
