मसूरी में नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले पर्यटकों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उनकी हनक उतार दी। दिल्ली से मसूरी घूमने आए कुछ युवाओं की थार गाड़ी को मलिंगार चौक पर उस समय रोका गया, जब वाहन के सभी शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी और फ्रंट ग्लास पर पुलिस का बड़ा लोगो भी चस्पा किया गया था।
गाड़ी में तीन युवक और एक युवती सवार थे। पुलिस ने जब उन्हें काली फिल्म हटाने के लिए कहा तो शुरुआत में उन्होंने आनाकानी की और फोन पर बात कराने की कोशिश भी की। लेकिन पुलिस और मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों के दबाव के आगे उनकी एक नहीं चली।
आखिरकार नियमों के तहत उन्हें अपनी गाड़ी से काली फिल्म हटानी पड़ी। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की सख्ती की सराहना की।
पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि मसूरी में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात बना रहे।
