ऋषिकेश में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब वीरभद्र रोड स्थित होटल टस्क की लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई। हादसे में फरीदाबाद से घूमने आए 6 पर्यटक घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, फरीदाबाद से 25-30 दोस्तों का एक ग्रुप उत्तराखंड घूमने आया था। यह ग्रुप हरिद्वार, ऋषिकेश और नैनीताल की यात्रा पर था और होटल टस्क में ठहरा हुआ था। रात करीब 8 बजे सभी लोग होटल की पांचवीं मंजिल पर बने रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे।
भोजन के बाद 5-6 लोग लिफ्ट से नीचे आने लगे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट का संतुलन बिगड़ गया और वह तेजी से नीचे गिर गई। हादसे के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्टाफ मौके पर पहुंचा।
हादसे में चेतन के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए, जबकि अन्य पर्यटकों को हाथ और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
