रिपोर्ट: अरशद हुसैन
रुड़की के झबरेड़ी खुर्द गांव में आयोजित “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद अब राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल और ग्रामीणों के बीच हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी खुर्द गांव में राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल जनता की समस्याएं सुनने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान एक युवक द्वारा मोबाइल फोन पर भीम आर्मी से जुड़ा गाना बजाने और नारेबाजी करने के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाना बजाने को लेकर मंत्री समर्थकों और ग्रामीणों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गई। वायरल वीडियो में मंत्री देशराज कर्णवाल हाथ में ईंट लेकर आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। वहीं उनकी पत्नी वैजयंती माला की भी कुछ युवकों के साथ तीखी बहस होती नजर आई।
घटना के बाद आजाद समाज पार्टी के नेता महक सिंह ने आरोप लगाया कि सत्ता के प्रभाव में मंत्री समर्थकों ने उनके कार्यकर्ता के साथ मारपीट की और डराने-धमकाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है।
दूसरी ओर, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि कुछ लोग जानबूझकर कार्यक्रम का माहौल खराब करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक नारेबाजी और तेज आवाज में गाने बजाकर कार्यक्रम में बाधा डाली गई। मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ मौजूद महिलाओं के साथ अभद्रता की गई।
मंत्री की पत्नी वैजयंती माला ने भी पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की गई।
फिलहाल दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर सौंप दी है। पुलिस वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
