रिपोर्टर: प्रदीप श्रीवास्तव
जसपुर:देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच उत्तराखंड मौसम विभाग ने हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके बाद जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है और जिलाधिकारी द्वारा आमजन के लिए आवश्यक गाइडलाइंस जारी की गई हैं। इसी क्रम में जल संस्थान विभाग ने भी क्षेत्रवासियों से जल संरक्षण को लेकर विशेष अपील की है।
जसपुर जल संस्थान के जूनियर इंजीनियर कमल किशोर टम्टा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि “जल संचय ही जीवन संचय” है और वर्तमान भीषण गर्मी में सभी लोगों को पानी के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और जरूरी कार्य होने पर ही बाहर जाएं।
जेई कमल किशोर टम्टा ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण जहां विद्युत व्यवस्था प्रभावित होती है, वहीं जल संकट भी गहराने लगता है। ऐसे समय में जल संस्थान के सामने क्षेत्र में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना एक बड़ी चुनौती बन जाता है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जसपुर क्षेत्र में प्रतिदिन करीब 13 एमएलटी पानी की आवश्यकता होती है, जबकि वर्तमान में जल संस्थान के पास केवल 3 एमएलटी पानी ही उपलब्ध है। इसके बावजूद विभाग लगातार 24 घंटे मोटर चलाकर क्षेत्रवासियों तक पानी पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि पानी का दुरुपयोग न करें और जरूरत के अनुसार ही पानी इस्तेमाल करें, ताकि भविष्य में आने वाले जल संकट से बचा जा सके और सभी लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके।
