सचिन कुमार
ऋषिकेश के काले की ढाल क्षेत्र में पर्यटकों के साथ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ के मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक हरियाणा से ऋषिकेश घूमने आए पर्यटकों का कुछ स्थानीय लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और मारपीट में बदल गया। आरोप है कि स्थानीय लोगों ने पर्यटकों के साथ जमकर मारपीट की और उनके वाहन में भी तोड़फोड़ की, जिससे उन्हें चोटें आईं और गाड़ी को नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कार्रवाई की और आरोपी अशोक थापा और नरेश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
