रिपोर्ट – पंकज सक्सेना
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami रविवार को हल्द्वानी पहुंचे, जहां उन्होंने हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और आम जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। पेयजल, ग्रामीण सड़कें, बिजली आपूर्ति और सिंचाई से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों से साफ कहा कि जनता को राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पेयजल निगम को निर्देश दिए कि गर्मियों के मौसम को देखते हुए जरूरत के अनुसार टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही खराब पड़े नलकूपों और हैंडपंपों को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने विद्युत विभाग को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए और विभागीय लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने नमाज को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी को नमाज पढ़ने से रोका नहीं जा रहा है, लेकिन नमाज चिन्हित स्थानों पर ही अदा की जानी चाहिए ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री Ram Singh Kaida, जिलाधिकारी Lalit Mohan Rayal समेत कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और दायित्वधारी मौजूद रहे।
