रिपोर्ट – अरशद हुसैन
देशभर में ईद-उल-अज़हा का त्योहार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में रुड़की की ईदगाह में भी शनिवार सुबह हजारों लोगों ने ईद-उल-अज़हा की नमाज़ अदा की। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर त्योहार की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।
सुबह से ही ईदगाह में नमाज़ियों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल में नमाज़ अदा कर देश और समाज में सुख-शांति की कामना की।
नमाज़ अदा कराने के बाद Mufti Saleem ने कहा कि ईद-उल-अज़हा के मौके पर पूरे देश में अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ की गई है।
उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम और सौहार्द बना रहना चाहिए और जो लोग भाईचारा खत्म करने की कोशिश करते हैं, उनके मंसूबे कभी कामयाब नहीं होने चाहिए।
मुफ़्ती सलीम ने मुस्लिम समुदाय से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी अन्य व्यक्ति या समुदाय को परेशानी हो। उन्होंने कहा कि त्योहार प्रेम, शांति और इंसानियत का संदेश देने का माध्यम होते हैं।
नमाज़ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया और ईदगाह के आसपास सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।
