कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री Saurabh Bahuguna ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश में संचालित आईटीआई संस्थानों में छात्र संख्या और सुविधाओं को बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने आगामी भर्ती सत्र को ध्यान में रखते हुए आईटीआई में अधिक से अधिक छात्रों के नामांकन पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि कौशल विकास विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र इन योजनाओं का लाभ उठाकर दक्षता हासिल कर सकें।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि देहरादून के निरंजनपुर, श्रीनगर और अल्मोड़ा स्थित आईटीआई में टीवीएस कंपनी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे छात्रों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण मिल सकेगा।
इसके अलावा मंत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 32 आईटीआई डीएसटी मॉडल पर संचालित हो रहे हैं, जहां छात्र 6 माह आईटीआई और 6 माह कंपनी में प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। अब इनकी संख्या बढ़ाकर 45 किए जाने की योजना है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कौशल विकास और सेवायोजन विभाग द्वारा 168 नए आईटीआई प्रशिक्षकों की तैनाती की जाएगी, जिससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाए और युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ने के प्रयास तेज किए जाएं।
