देहरादून शहर की पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने के लिए सॉन्ग नदी पर बनाए जा रहे बांध को लेकर टिहरी जनपद के प्रभावित ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। जौनपुर विकासखंड के प्रभावित गांवों के लोगों ने अपनी मांगों को लेकर जिलाधिकारी टिहरी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो एक सप्ताह बाद आंदोलन शुरू किया जाएगा और निर्माण कार्य को बंद कर दिया जाएगा।
सॉन्ग बांध प्रबंधन समिति के बैनर तले प्रभावित ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल नई टिहरी पहुंचा और जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना से उनके गांव प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन लंबे समय से केवल वार्ताएं हो रही हैं और अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
सॉन्ग बांध संघर्ष समिति के अध्यक्ष रविंद्र सिंह पंवार ने कहा कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर कई बार प्रशासन से बातचीत हो चुकी है, लेकिन समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रामीणों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
वहीं जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि सॉन्ग नदी पर बनने वाले बांध से जौनपुर विकासखंड के कुछ गांव प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर चुकी हैं और प्रशासन पूरी तरह स्थिति से अवगत है।
जिलाधिकारी के अनुसार, बांध प्रभावित परिवारों के विस्थापन की प्रक्रिया पर कार्य किया जा रहा है और कुछ महत्वपूर्ण निर्णय शासन स्तर पर लंबित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र आपदा की दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और पुनर्वास को प्राथमिकता दी जा रही है।
