चमोली के थराली ब्लॉक के चेपड़ों क्षेत्र में पिंडर नदी में चल रहे रिवर ड्रेजिंग कार्य को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने नदी के बीच पोकलैंड मशीनों से खनन और सामग्री निकासी पर सवाल उठाते हुए नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि भारी मशीनों के उपयोग से नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही खनिज परिवहन में लगे भारी वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे आड़े-तिरछे खड़े किए जा रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है।
वहीं जिला खनन अधिकारी का कहना है कि मशीनों के उपयोग की अनुमति खनन मुख्यालय से मिली है और कार्य स्वीकृत नियमों के तहत किया जा रहा है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
