नैनीताल जिले के ओखलकांडा वन रेंज मुख्यालय खनस्यू में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर पर्यावरण गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और वन संवर्धन पर चर्चा की। नैनीताल जनपद के ग्रामीण क्षेत्र स्थित भूमि संरक्षण वन प्रभाग की ओखलकांडा रेंज मुख्यालय खनस्यू में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित गोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार जोशी ने कहा कि वन विभाग के कर्मचारी पूरी लगन और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से भी वन संरक्षण में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जंगलों में आग लगने जैसी घटनाओं की सूचना तत्काल दी जानी चाहिए तथा आग बुझाने में सामूहिक सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामाजिक दायित्व है और प्रकृति की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। वन क्षेत्राधिकारी ने वन कर्मियों से भी अपने कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने का आह्वान किया।
गोष्ठी में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने जलवायु परिवर्तन, पर्यावरणीय चुनौतियों और जैव विविधता संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सरपंच गोपाल सिंह बिष्ट, गणेश सिंह, वन दरोगा सुनील कुमार टम्टा, चंद्रशेखर जोशी, हेम चंद्र पटियाल, खीम चंद्र भट्ट, तेज राम, ललित सिंह, अनिल कुमार, पवन कुमार, संजय कुमार, बीना जोशी, तरुण भट्ट, बालम सिंह शाही, किशन सिंह सहित वन विभाग के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
