रिपोर्टर: नवीन चन्दोला
उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली से एक सराहनीय पहल की खबर सामने आई है, जहां हंस फाउंडेशन सतपुली द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
रामलीला मैदान थराली में आयोजित इस निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन भोले जी महाराज और माता मंगला के आशीर्वाद तथा क्षेत्रवासियों के सहयोग से किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस शिविर में करीब 115 मरीजों की ओपीडी की गई।
शिविर में मरीजों की आंखों की जांच के साथ-साथ उन्हें निःशुल्क दवाइयां और जरूरतमंद लोगों को मुफ्त चश्मे भी वितरित किए गए।
जांच के दौरान करीब 20 लोगों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, जिनका हंस फाउंडेशन अस्पताल में अनुभवी डॉक्टरों द्वारा निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।
इसके साथ ही मरीजों को आने-जाने की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बेहद लाभकारी हैं।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह बिष्ट, दलबीर सिंह, राजेंद्र प्रसाद देवराड़ी और दीपक गुसाईं सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कुल मिलाकर, हंस फाउंडेशन की यह पहल क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है और स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
