रुड़की से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां ग्राम प्रधान के खिलाफ जांच में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। नाराज लोगों ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।मामला रुड़की ब्लॉक के गांव माधोपुर हरजरतपुर का है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए थे, लेकिन एक साल से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद भी जांच पूरी नहीं की गई।
ग्रामीणों के अनुसार, आज सुबह 10 बजे जांच टीम को गांव पहुंचना था, लेकिन अधिकारी देर शाम करीब साढ़े तीन बजे पहुंचे।
आरोप है कि अधिकारियों ने बिना किसी जांच के ही ग्रामीणों से हस्ताक्षर करवाए और वापस लौट गए।इससे गुस्साए ग्रामीणों ने बीडीओ सुमन कोटियाल के कार्यालय का घेराव कर दिया और ब्लॉक प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ब्लॉक अधिकारी ग्राम प्रधान के साथ मिलीभगत कर मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि अगर जल्द निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
उन्होंने कहा कि अब किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।
