विकासनगर कोतवाली पुलिस ने भारत सरकार के संचार साथी (CEIR) पोर्टल की मदद से 7 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतें मिलने पर तत्काल गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कर संबंधित मोबाइल नंबरों और IMEI को CEIR पोर्टल पर ट्रेसिंग के लिए अपलोड किया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 7 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए।
कोतवाली विकासनगर पुलिस ने बताया कि अब तक CEIR पोर्टल के माध्यम से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के 70 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। यह अभियान लगातार जारी है और गुम हुए मोबाइल फोन को खोजने के लिए पुलिस पूरी सक्रियता से कार्य कर रही है।
अपने मोबाइल फोन वापस मिलने पर मोबाइल स्वामियों ने उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। लोगों ने कहा कि आधुनिक तकनीक और पुलिस के प्रयासों से उन्हें अपना खोया हुआ सामान वापस मिल सका है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि CEIR पोर्टल के माध्यम से समय रहते मोबाइल फोन को ट्रैक कर बरामद किया जा सके।
