देहरादून।
आगामी मानसून को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। जलभराव और संभावित आपदाओं से निपटने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऋषिपर्णा सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिले के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें।
उन्होंने विशेष रूप से रिस्पना, आईटी पार्क और आईएसबीटी क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए वहां जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान पर जोर दिया। साथ ही संबंधित विभागों को मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
नगर निगम, लोनिवि और एनएचएआई समेत अन्य विभागों को नालों और जल निकासी तंत्र की सफाई समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है और सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
