हरिद्वार
हरिद्वार के श्रवणनाथ नगर क्षेत्र में फिल्म शूटिंग के दौरान लगाए गए ‘बार एंड रेस्टोरेंट’ बोर्ड को लेकर स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया। मामला बढ़ने पर फिल्म निर्माताओं को बोर्ड में बदलाव करना पड़ा और ‘बार’ शब्द हटा दिया गया।
बताया जा रहा है कि एक धर्मशाला परिसर में फिल्म का सीन शूट किया जा रहा था, जिसके लिए सेट के बाहर ‘बार एंड रेस्टोरेंट’ का बोर्ड लगाया गया था। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय व्यापारी और समाजसेवी मौके पर पहुंच गए और विरोध करने लगे।
लोगों का कहना था कि हरिद्वार एक धार्मिक और आस्था का केंद्र है, ऐसे में इस तरह के बोर्ड शहर की छवि को प्रभावित करते हैं। उन्होंने इस पर तुरंत रोक लगाने की मांग की।
विरोध के दौरान फिल्म यूनिट और स्थानीय लोगों के बीच तीखी बहस भी हुई। स्थिति को संभालने के लिए निर्माताओं ने तुरंत बोर्ड से ‘बार’ शब्द हटाकर मामला शांत किया।
हालांकि यह साफ नहीं हो पाया कि किस फिल्म की शूटिंग की जा रही थी, लेकिन फिल्म यूनिट ने सभी जरूरी अनुमति होने का दावा किया।
घटना के बाद शहर में फिल्म शूटिंग को लेकर नियमों और स्थानीय संवेदनशीलता पर बहस तेज हो गई है।
