पिथौरागढ़: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस ने एसएसबी के साथ मिलकर विशेष सुरक्षा अभियान शुरू किया है। सीमावर्ती इलाकों में लगातार गश्त, चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
अभियान के तहत एसएचओ अस्कोट रवीन्द्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने द्वालीसेरा, पीपली सहित कई गांवों में पैदल गश्त की। वहीं एसएचओ धारचूला हरेन्द्र सिंह नेगी ने एसएसबी के जवानों के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
पुलिस ने सीमावर्ती गांवों के लोगों से मुलाकात कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि सीमा पर रहने वाले नागरिक सुरक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं और उनकी सतर्कता किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोकने में अहम भूमिका निभा सकती है।
जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को साइबर अपराध और नशा तस्करी से बचाव के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने मानस हेल्पलाइन 1933 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी साझा करते हुए लोगों से इन सेवाओं का जरूरत पड़ने पर उपयोग करने की अपील की।
पिथौरागढ़ पुलिस ने कहा कि सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा सभी की साझा जिम्मेदारी है।
