ऊधम सिंह नगर के खटीमा रेंज में अवैध पेड़ कटान के मामलों ने वन विभाग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 16 पेड़ों के कटान की जांच अभी जारी है, इसी बीच चकरपुर वन चौकी क्षेत्र से एक और मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि घटनास्थल से मिले वीडियो और तस्वीरों में चार कटे हुए पेड़ों के अवशेष स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। उनका आरोप है कि विभाग की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों को केवल दो पेड़ों के कटान की सूचना भेजी गई, जिससे मामले को हल्का दिखाने का प्रयास किया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक कटे हुए पेड़ों की लकड़ी पहले ही मौके से हटाई जा चुकी थी। साथ ही कटे हुए ठूंठों को जलाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश किए जाने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। घटना से जुड़ी लोकेशन फोटो पर 6 जुलाई की तारीख दर्ज दिखाई दे रही है।
इस मामले पर एसडीओ संचिता वर्मा ने कहा कि मौके पर दो सूखे और पहले से गिरे हुए पेड़ों का कटान हुआ है। विभाग ने लकड़ी बरामद कर सुरक्षित रख ली है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। लोगों का कहना है कि जांच से ही यह स्पष्ट होगा कि घटनास्थल पर वास्तव में कितने पेड़ों का कटान हुआ और जिम्मेदार कौन है।
