रामनगर तराई पश्चिमी वन प्रभाग ने वन अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग ने 23 मामलों में वांछित शातिर वन अपराधी लखविंदर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने साथियों के साथ आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध पातन की योजना बना रहा है। इसके बाद अधिकारियों ने विशेष टीम का गठन कर रणनीतिक तरीके से घेराबंदी की और आरोपी को मौके से पकड़ लिया।
वन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ सागौन, शीशम और खैर जैसे बहुमूल्य पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी से जुड़े कुल 23 मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान लकड़ी तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार साथियों की तलाश के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।
वन विभाग ने साफ किया है कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। वन अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
