रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड में कांग्रेस की प्रस्तावित बैठक से पहले राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। बीजेपी ने कांग्रेस की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक दावों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पार्टी अभी भी आंतरिक मतभेदों से बाहर नहीं निकल पाई है।
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच मजबूत उपस्थिति का दावा करती है, लेकिन उसके कार्यक्रमों में यह दावा नजर नहीं आता। उन्होंने राहुल गांधी के देहरादून दौरे का उदाहरण देते हुए कहा कि घोषित पंजीकरण और वास्तविक उपस्थिति में बड़ा अंतर दिखाई दिया।
उन्होंने कहा कि बीजेपी लगातार बूथ और विधानसभा स्तर पर संगठन को मजबूत कर रही है। पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं और सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दे रहे हैं।
हनी पाठक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल मीडिया और प्रचार के माध्यम से माहौल बनाने की कोशिश कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर उसकी सक्रियता सीमित है। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल दावों से नहीं बल्कि काम के आधार पर फैसला करती है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी साल नजदीक आने के साथ प्रदेश में दोनों दलों के बीच बयानबाजी और भी तेज हो सकती है।
