संवाददाता: अरशद हुसैन
भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने रुड़की में आयोजित महापंचायत के दौरान 28 जुलाई को देहरादून में डीजीपी कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है। संगठन ने कहा कि यह प्रदर्शन किसानों और आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर किया जाएगा।
महापंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि संगठन लंबे समय से प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखता आ रहा है, लेकिन अब तक उनका समाधान नहीं हुआ है। इसी कारण संगठन ने आंदोलन का रास्ता चुना है।
संजीव तोमर ने आरोप लगाया कि कई मामलों में पुलिस शिकायत मिलने के बाद भी समय पर कार्रवाई नहीं करती। उन्होंने कहा कि इससे लोगों का भरोसा कानून व्यवस्था पर कमजोर पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई की मांग की।
महापंचायत में भगवानपुर की कथित दहेज हत्या का मामला प्रमुखता से उठाया गया। संगठन का कहना है कि इस मामले में कार्रवाई में देरी हुई और दोषियों के खिलाफ अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। इसके अलावा राज्य में अवैध पशु कटान और नशे के बढ़ते कारोबार पर भी चिंता जताई गई।
राष्ट्रीय सचिव तालिब हसन ने भी अपने बेटे पर हुए हमले के मामले का जिक्र करते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 28 जुलाई का प्रदर्शन किसानों की आवाज बुलंद करने के लिए आयोजित किया जाएगा और इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
