रिपोर्टर: सचिन कुमार
लगातार हो रही बारिश ने उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। कई जिलों में भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें बंद हो गई हैं। इससे गांवों का संपर्क टूट रहा है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में कुल 184 सड़कें बंद हैं। इनमें सबसे ज्यादा असर चमोली जिले में देखा गया है। उत्तरकाशी, टिहरी और पौड़ी जिलों में भी कई प्रमुख सड़कें बंद हैं। कई राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी यातायात प्रभावित हुआ है।
राजेश चन्द्र शर्मा ने बताया कि सड़कों को जल्द बहाल करने के लिए प्रदेशभर में मशीनें और कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं। चारधाम यात्रा को देखते हुए संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
आपदा प्रबंधन विभाग ने भी सभी जिलों में प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। सचिव विनोद कुमार सुमन के अनुसार, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें पूरी तरह तैयार हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिना जरूरी काम के यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।
