संवाददाता: अरशद हुसैन
रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र में आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। बेलकी मसाई गांव के पास स्थित एक आम के बाग में हुई इस घटना में दो मजदूर घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार शाम मजदूर बाग में आम तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग बाग में पहुंचे और पेड़ों से आम तोड़ने लगे। मजदूरों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ ही देर बाद 40 से 50 युवक लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे और मजदूरों पर हमला कर दिया। हमले में सिकरौढ़ा निवासी फुरकान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य मजदूर को भी चोटें आईं।
आरोप यह भी है कि हमलावर बाग में रखे आम अपने साथ ले गए और वहां खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलने पर भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
भगवानपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों से तहरीर का इंतजार किया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।
