रिपोर्टर: ललित जोशी
नैनीताल और उसके आसपास के क्षेत्रों में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बरसात के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर में घना कोहरा छाया रहने से लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई इलाकों में मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हो गया है।
बारिश के कारण नैनीताल का मौसम पूरी तरह बदल गया है। दिनभर कभी हल्की तो कभी तेज बारिश का सिलसिला जारी है। घने कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम हो गई है। हालात ऐसे हैं कि वाहन चालकों को दिन में भी अपने वाहनों की हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है।
लगातार बारिश के चलते गर्जिया-बेतालघाट राज्य मार्ग पर मलबा आ गया, जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। इसके अलावा जिले के कई अन्य पहाड़ी मार्गों पर भी पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
वीकेंड होने के बावजूद नैनीताल की सड़कों पर सामान्य दिनों जैसी रौनक दिखाई नहीं दे रही है। खराब मौसम के कारण पर्यटक भी होटल और ठहरने की जगहों तक सीमित नजर आए। बाजारों में भी ग्राहकों की संख्या कम होने से कारोबार प्रभावित हुआ है।
लगातार बारिश और ठंड बढ़ने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। स्कूलों में भी छात्रों की उपस्थिति कम दर्ज की जा रही है। प्रशासन लोगों से खराब मौसम में सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील कर रहा है।
