रिपोर्टर: ललित जोशी
नैनीताल: कुमाऊँ मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने जिलाधिकारी कार्यालय नैनीताल का वार्षिक निरीक्षण करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न अनुभागों और न्यायालयों में लंबित मामलों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य निपटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने जिला मजिस्ट्रेट और अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने पाया कि कुछ मामलों के निस्तारण की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। इस पर उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले दो माह के भीतर सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जाए।
दीपक रावत ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण करते हुए भूमि और राजस्व संबंधी नकल समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आवेदन प्राप्त होते ही उसी दिन पंजिका में दर्ज करने पर भी जोर दिया।
आयुक्त ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी पालन के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले कलक्ट्रेट पहुंचने पर आयुक्त का पुस्तक भेंट कर स्वागत किया गया और पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।
