खटीमा | ऊधम सिंह नगर | रिपोर्ट: सुभाष चंद
ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में पुलिस ने चोरी की एक वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को बिगराबाग निवासी रामवती ने कोतवाली खटीमा में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़ दिया और उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान पुलिस को शेखर राना नामक युवक पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए आभूषण उसने सितारगंज के बरूवाबाग स्थित अपने किराए के मकान में छिपाकर रखे हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छापेमारी कर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया।
बरामद आभूषणों में एक जोड़ी पोंजी, एक जोड़ी कानफूल, मंगलसूत्र के 10 दाने और एक लॉकेट शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय शेखर राना पुत्र जगदीश सिंह राना, निवासी चांदपुर, थाना खटीमा, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए। उन्होंने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
