रिपोर्टर: अरशद हुसैन
रुड़की: उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के मामलों को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने रुड़की के लंढौरा में कैंडल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और युवाओं के हितों की रक्षा की मांग उठाई।
मंगलौर अड्डे से शुरू हुआ यह कैंडल मार्च डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और सरकार से भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने की मांग की।
कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार ने कहा कि प्रदेश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने युवाओं का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन मामलों को रोकने में पूरी तरह विफल रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हो रही।
उन्होंने कहा कि हजारों युवा वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और सपनों को नुकसान पहुंचाती हैं। पंवार ने कहा कि युवाओं को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से दोषियों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था बनाने की मांग की।
