रिपोर्ट: अरशद हुसैन
परीक्षा लीक मामले को लेकर प्रदेशभर में सियासत तेज हो गई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद रुड़की में कांग्रेस ने विजय मार्च निकालते हुए इसे छात्रों के आंदोलन की बड़ी सफलता बताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
मार्च की शुरुआत नगर निगम पुल के समीप स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से हुई। यहां कांग्रेस नेताओं ने माल्यार्पण कर सत्याग्रह किया। इसके बाद कार्यकर्ता हाथों में मोमबत्तियां लेकर गांधी वाटिका पहुंचे, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार को अब छात्रों की मांगों पर गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा लीक मामले में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए, प्रदर्शनकारी छात्रों पर कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच हो और उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री को पद से हटाया जाए।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य की रक्षा करने में विफल रही है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को ₹1 करोड़ की सहायता देने की मांग दोहराई।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
