रिपोर्ट: नवीन चन्दोला
चमोली जिले के ग्वालदम स्थित आदर्श कॉलोनी में सुरक्षा दीवार टूटने के बाद कई परिवारों की चिंता बढ़ गई है। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में भू-स्खलन का खतरा भी गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई को गणेश राम के मकान के सामने बनी सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद आसपास रहने वाले कई परिवार भी खतरे की जद में आ गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
रविवार को ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेना चाहिए और जल्द से जल्द सुरक्षा कार्य शुरू कराया जाना चाहिए।
ग्राम प्रधान हेमलता गड़िया ने बताया कि पंचायत की ओर से अस्थायी सुरक्षा कार्य शुरू कर दिया गया है, लेकिन उपलब्ध बजट बेहद सीमित है। उन्होंने जिला प्रशासन से अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।
