रिपोर्टर: ललित जोशी
नैनीताल: कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की नौबत नहीं आनी चाहिए।
दीपक रावत ने सबसे पहले अपने कार्यालय में नागरिकों की शिकायतें सुनीं। इसके बाद उन्होंने स्वयं लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, अवैध निर्माण, धोखाधड़ी और पारिवारिक मामलों से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की जवाबदेही तभी साबित होगी जब शिकायतों का समाधान तय समय सीमा के भीतर होगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का असर जल्द देखने को मिलेगा और लंबित मामलों का समाधान होगा।
