देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से प्रांतीय रक्षक दल द्वारा युवा महोत्सव के तहत डिजिटल यूथ फेस्टिवल शुरू किया जा रहा है। इस आयोजन के जरिए खेल, संस्कृति, पर्यटन और शारीरिक दक्षता से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि किसी भी राज्य का भविष्य उसके युवा तय करते हैं। इसलिए सरकार लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिनसे युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले और वे अपनी क्षमताओं का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन केवल प्रतियोगिताएं नहीं होते, बल्कि युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने का भी माध्यम बनते हैं। ऐसे मंच युवाओं को नई सोच, नई दिशा और बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करते हैं।
मंत्री ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस तरह के कार्यक्रमों से युवाओं में उत्साह का माहौल बनता है और वे अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित होते हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि डिजिटल यूथ फेस्टिवल प्रदेश के हजारों युवाओं को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक और खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
