रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड सरकार पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। दुग्ध विकास एवं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विभाग की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि किसानों को अब योजनाओं का लाभ पहले से अधिक तेजी और पारदर्शिता के साथ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने दूध के खरीद मूल्य में 8 से 11 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। इससे डेयरी व्यवसाय करने वाले किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
मंत्री ने कहा कि किसानों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि अब एडवांस में डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है। इससे किसानों को समय पर धनराशि उपलब्ध हो रही है और योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिये के मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड ने भूसे पर 50 प्रतिशत और साइलेज पर 68 प्रतिशत तक सब्सिडी देकर देश के अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण पेश किया है। इससे पशुओं के चारे की लागत कम होने से किसानों को राहत मिलेगी।
सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही हैं। पशुपालन, कृषि, हॉर्टिकल्चर और होम-स्टे जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा देकर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
