रिपोर्टर: सचिन कुमार
उत्तराखंड में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने बताया कि इस अवसर पर कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन में सामाजिक समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उनका विचार था कि समाज में ऊंच-नीच का भेद समाप्त हो और सभी लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिले।
देशराज कर्णवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समाज में समानता और समरसता को मजबूत करने की दिशा में कई कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं समाज के सभी वर्गों के हित में हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि 29 जुलाई को भाजपा का प्रतिनिधिमंडल वाराणसी जाएगा और वहां से पवित्र कलश लेकर उत्तराखंड लौटेगा। 30 जुलाई को हरिद्वार स्थित देवभूमि बॉर्डर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस कलश का स्वागत करेंगे।
इसके बाद चुड़ियाला गांव स्थित संत गुरु रविदास मंदिर में कलश की स्थापना की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
